राघव चड्ढा की Z+ सुरक्षा हटाई गई !

आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को पंजाब पुलिस की ओर से दी गई Z+ कैटेगरी की सुरक्षा हटा ली गई है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब आम आदमी पार्टी के साथ उनके मतभेद बढ़ते जा रहे हैं। पंजाब से चुने गए AAP सांसद राघव चड्ढा को राज्य सरकार ने Z+ सुरक्षा दी थी। यह सुरक्षा पिछले हफ्ते हटा ली गई थी। अब उन्हें केंद्र सरकार की ओर सुरक्षा दी गई है।
सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि फिलहाल दिल्ली पुलिस को निर्देश दिया गया है कि जब तक कोई औपचारिक केंद्रीय सुरक्षा व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक उन्हें सुरक्षा कवर दिया जाए। सुरक्षा वापस लेने के समय और AAP नेतृत्व के बीच चल रहे तनाव को देखते हुए राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को काफी अहम माना जा रहा है। पार्टी ने हाल ही में उन्हें राज्यसभा में अपने उप-नेता के पद से हटा दिया था। इस कदम पर प्रतिक्रिया देते हुए चड्ढा ने कहा कि उन्हें खामोश किया गया है, हराया नहीं। AAP नेताओं ने उन पर संसद में पंजाब के मुद्दे उठाने से बचने और केंद्र के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाने के बजाय जनसंपर्क में लगे रहने का भी आरोप लगाया है।
