हॉर्मुज :भारतीय जहाजों को मंज़ूरी !

0

Written by Sudhir Sharma(Sr. Journalist)

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और तेल आपूर्ति को लेकर बढ़ती आशंकाओं के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से भारतीय जहाजों की आवाजाही को मंजूरी दी है। ईरान के कानूनी और अंतरराष्ट्रीय मामलों के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने जानकारी दी कि अब तक 11 भारतीय जहाज सुरक्षित तरीके से इस मार्ग को पार कर चुके हैं।
एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा कि कुछ अन्य भारतीय जहाजों को भी जल्द अनुमति देने की कोशिशें जारी हैं। गरीबाबादी ने साफ किया कि यह विशेष सुविधा सिर्फ भारत को दी जा रही है और फिलहाल किसी अन्य देश को ऐसी अनुमति नहीं मिली है।
ईरानी उप विदेश मंत्री ने पड़ोसी देशों पर हमले के आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि ईरान ने किसी भी पड़ोसी देश पर हमला नहीं किया है। उनका आरोप था कि क्षेत्र में अमेरिका की मौजूदगी के जरिए ईरान पर हजारों हमले किए गए। उन्होंने बताया कि इन घटनाओं का पूरा रिकॉर्ड तैयार कर संयुक्त राष्ट्र को सौंपने के लिए 500 पन्नों का दस्तावेज बनाया गया है।
इसके अलावा, भारत में 14 और 15 मई 2026 को होने वाली ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक को लेकर भी ईरान ने सकारात्मक रुख दिखाया। काजेम गरीबाबादी ने कहा कि ईरान ब्रिक्स घोषणा-पत्र के समर्थन में है और चाहता है कि भारत की मेजबानी में आयोजित यह सम्मेलन सफल रहे। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स देशों के बीच एकता का संदेश दुनिया तक पहुंचना चाहिए।
भारत की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में विदेश मंत्री एस. जयशंकर शामिल होंगे। साथ ही ब्रिक्स सदस्य देशों और साझेदार देशों के प्रतिनिधिमंडल भी इसमें हिस्सा लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *