5 दिन की हिरासत में नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली

Written by Sanjay Singh
5 दिन की हिरासत में नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री
नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को काठमांडू जिला न्यायालय ने पांच दिन तक हिरासत में रखने की अनुमति दे दी है.
दोनों नेताओं को ‘जेन ज़ी’ आंदोलन की जांच के लिए बने आयोग की रिपोर्ट के आधार पर शनिवार को गिरफ़्तार किया गया था. इन नेताओं की 10 दिन की हिरासत और जांच की मांग वाली याचिका पर शनिवार को काठमांडू जिला न्यायालय में बहस हुई.
बीबीसी नेपाली सेवा के मुताबिक़, काठमांडू जिला न्यायालय के सूचना अधिकारी दीपक कुमार श्रेष्ठ ने बताया कि अदालत ने दोनों नेताओं को पांच दिनों तक हिरासत में रखने की अनुमति दी है.
इसके अलावा अदालत ने केपी शर्मा ओली के बीमार होने के कारण उन्हें ज़रूरी इलाज मुहैया कराने का आदेश भी दिया है.
आदेश में कहा गया, “चूंकि अभियुक्त केपी शर्मा ओली अस्वस्थ हैं और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हैं, इसलिए उनके प्रभावी और आवश्यक उपचार की व्यवस्था करने के लिए भी यह आदेश जारी किया गया है.”
अधिकारियों के अनुसार, पुलिस ने पूर्व गृह मंत्री लेखक को अदालत में पेश किया है. जबकि केपी शर्मा ओली ने वर्चुअल माध्यम से अदालत की कार्यवाही में हिस्सा लिया. ओली त्रिभुवन विश्वविद्यालय शिक्षण अस्पताल में भर्ती हैं.
