खाड़ी में युद्ध का असर , डर के माहौल में जी रहे भारतीय

0
FLAG

सैयद समीना उवैस

खाड़ी में युद्ध का असर , डर के माहौल में जी रहे भारतीय

57 हजार लोग लौटे भारत, कई अब भी हालात सामान्य होने का इंतजार कर रहे

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब पूरे खाड़ी क्षेत्र में साफ दिखाई देने लगा है। इस तनाव की वजह से वहां रहने वाले लोगों में डर और अनिश्चितता का माहौल बन गया है। खाड़ी देशों में बड़ी संख्या में भारतीय काम करते हैं, इसलिए इस स्थिति का असर उन पर भी पड़ रहा है। कई भारतीय अब अपने देश लौटने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग मजबूरी में वहीं रहकर हालात सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।

भारत सरकार के अनुसार अब तक करीब 57 हजार भारतीयों को सुरक्षित भारत वापस लाया जा चुका है। सरकार लगातार खाड़ी क्षेत्र के हालात पर नजर रखे हुए है और जरूरत पड़ने पर वहां फंसे लोगों को निकालने के लिए इंतजाम कर रही है। कई लोग अपने परिवारों से दूर वहां काम कर रहे हैं और हर दिन खबरों के जरिए हालात को समझने की कोशिश कर रहे हैं।

दुबई और बहरीन जैसे शहरों में काम करने वाले भारतीयों का कहना है कि पहले वहां जिंदगी सामान्य और सुरक्षित लगती थी, लेकिन अब माहौल बदल गया है। लोग दिन भर काम करने के बाद जल्दी अपने कमरों में लौट जाते हैं। बाजार और भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाना भी लोग कम कर रहे हैं क्योंकि उन्हें हर समय किसी हमले या बड़ी घटना का डर लगा रहता है।

बहरीन में रहने वाले कुछ भारतीयों को पानी को लेकर भी चिंता सता रही है। खाड़ी के कई देशों में पीने का पानी समुद्र के खारे पानी को साफ करके बनाया जाता है। हाल ही में एक डीसैलिनेशन प्लांट पर हमले की खबर सामने आने के बाद लोगों को डर है कि अगर ऐसे संयंत्र प्रभावित हुए तो पानी की कमी भी हो सकती है।

दुबई से लौटे कुछ भारतीयों का कहना है कि विदेश में कमाई भले ही ज्यादा होती है, लेकिन संकट के समय सबसे पहले अपने देश की याद आती है। कई लोग अब यह सोचने लगे हैं कि सुरक्षित जीवन ज्यादा जरूरी है। उनका कहना है कि अगर कम पैसे भी मिलें तो अपने देश में रहना ज्यादा बेहतर है।

खाड़ी के देशों में भारतीयों की संख्या बहुत ज्यादा है। अनुमान के मुताबिक करीब 93 लाख भारतीय वहां अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। इनमें मजदूर, तकनीकी कर्मचारी, डॉक्टर, इंजीनियर और आईटी पेशेवर भी शामिल हैं। कई परिवारों की आजीविका इन्हीं नौकरियों पर निर्भर करती है।

खाड़ी क्षेत्र भारत के लिए व्यापार और रोजगार के लिहाज से भी बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है। यहां से बड़ी मात्रा में तेल और अन्य व्यापारिक गतिविधियां जुड़ी हुई हैं। इसी वजह से वहां के हालात का असर भारत की अर्थव्यवस्था और लोगों की जिंदगी पर भी पड़ता है।

फिलहाल खाड़ी में रहने वाले कई भारतीय यही उम्मीद कर रहे हैं कि हालात जल्द सामान्य हो जाएं। लेकिन इस पूरे संकट ने उन्हें यह एहसास जरूर कराया है कि चाहे विदेश में कितनी भी सुविधाएं क्यों न हों, मुश्किल समय में अपने देश और अपने लोगों के बीच रहना ही सबसे ज्यादा सुकून देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *